गुरुवार, जून 21, 2012

अग़ज़ल - 42

  इबादत करना चाहता हूँ , मुझे कोई खुदा चाहिए 
  लुटा सकूं जिस पर अपनी वफा, ऐसा बा-वफा चाहिए ।


  ता उम्र चलने की तमन्ना है और चलने के लिए 
  कंटीला-पथरीला जैसा भी हो बस रास्ता चाहिए ।


  हंसने का हुनर हावी होगा हर ला-इलाज मर्ज पर 
  वो आजमाए इसे , जिसे दर्दे-जिगर की दवा चाहिए ।


  तंगदिली के बादल छाए हैं मुहब्बत के आसमान पर 
  उडा ले जाए जो वहमों-रस्मों को वो हवा चाहिए ।


  खामोशियों का ओढकर नकाब बोलना सीख रहा हूँ 
  जो दिल को छू लेकर जाकर ऐसी कोई सदा चाहिए ।


  माना कि बुरा हूँ मैं मगर मुहब्बत से खाली नहीं 
  यकीं दिला सकता हूँ बस मौका एक मरतबा चाहिए ।


  कुछ नहीं मिलता दौलत- शौहरत के पीछे दौडकर 
  गर विर्क सकूं मिले दिल को तो और भला क्या चाहिए ।
    
                         ***************


    

शनिवार, जून 16, 2012

झुलसे हुए जज्बात ( कविता )

इधर 
जेठ की दोपहरी में 
लू 
झुलसा रही है तन को 
उधर मुल्क में 
आदमी की संकीर्णता से 
फैली आग में 
झुलस रहे हैं जज्बात ।

बारिशों का मौसम आते ही 
बंद हो जाएगी 
लू चलनी 
खुशगवार हो जाएगा मौसम 
राहत मिल जाएगी तन को 
लेकिन 
झुलसे हुए जज्बातों पर 
नहीं लग पाएगी कोई मरहम 
दिलों में पड़ी दरारें 
भर न पाएंगी 
किसी भी तरह ।

****************

रविवार, जून 10, 2012

बांसुरी हम ( हाइकु )

विकल्प कहाँ 
जनता के सामने 
राजनीति में ।
बांसुरी हम 
गूँज रहा है नाद 
कोई अज्ञात ।
पालतू नहीं 
दहशतगर्द तो 
जंगली कुत्ते ।
खुद को छोड़ 
जीए औरों के लिए 
वही जीवन ।

***************

रविवार, जून 03, 2012

अगज़ल - 41

               इतना बेगानापन दिखाओगे, सोचा न था 
           मेरी हार का जश्न मनाओगे, सोचा न था ।
           तड़पने, आहें भरने का माद्दा तो था मगर 
           तुम खून के आंसू रुलाओगे, सोचा न था 

           ऐतबार के बिना कब कटे जिन्दगी का सफर 
           हर मोड़ पर हमें आजमाओगे, सोचा न था ।

           सोचा था, वा'दे वफा के हैं पत्थर पर लकीर 
           इन्हें रेत की मानिंद उड़ाओगे, सोचा न था ।

           दुश्मन न थे, हम तो आपकी ख़ुशी से खुश थे 
           राजे-दिल हमसे छुपाओगे , सोचा न था ।

           बीता हुआ हर लम्हा निकाल दिया जिन्दगी से
           हमें विर्क इस कद्र भुलाओगे , सोचा न था । 

                          *************** 
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...